बारामती , अगस्त 02 -- केंद्र सरकार और विभिन्न राज्यों के विभागों में सरकारी नौकरी दिलाने के झूठे वादे पर 117 लोगों से कथित तौर पर 3.73 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में महाराष्ट्र के बारामती तालुका थाने में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नौकरी चाहने वाले युवाओं को स्वास्थ्य, वन, जल संसाधन, समाज कल्याण, ओएनजीसी और रेलवे जैसे विभागों में नियुक्तियां दिलाने का दावा करके अपने जाल में फंसाया। भर्ती अवधि 2023-24 के दौरान, उन्होंने कथित तौर पर उम्मीदवारों से आवेदन पत्र एकत्र किये और सरकारी नौकरी के बदले भारी अग्रिम राशि की मांग की।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने सरकारी विभागों में नौकरी के लिए प्रति उम्मीदवार लगभग पांच लाख रुपये और रेलवे की नौकरियों के लिए छह लाख रुपये वसूले।
इन वादों पर विश्वास करते हुए, कुल 117 आवेदकों ने नकद और ऑनलाइन लेनदेन के माध्यम से 3.73 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया। पीड़ितों को विश्वास दिलाने के लिए, आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी चयन सूचियां, फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किये और यहां तक कि यह दावा भी किया कि कुछ उम्मीदवारों को प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। शिकायत में हालांकि कहा गया है कि अंततः किसी भी आवेदक को सरकारी नौकरी नहीं मिली।
शिकायत के आधार पर बारामती तालुका पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कथित भर्ती घोटाले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित