मुंबई , अक्टूबर 19 -- महाराष्ट्र में शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने सोमवार को कहा कि उन्होंने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है, जिसमें रविवार को तड़के करीब 4.30 बजे फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने की जानकारी दी है।

श्री आव्हाड ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक मोबाइल नंबर साझा करते हुए लिखा, "एक व्यक्ति ने मोबाइल नंबर 7038841820 से मुझे तीन बार फोन किया। उसने फोन पर गाली-गलौज की और मुझे जान से मारने की धमकी दी। यह सिलसिला सुबह 4.30 बजे शुरू हुआ। फोन करने वाले व्यक्ति ने मुझसे कहा कि मेरे घर के दरवाजे पर एक व्यक्ति मुझे मारने के लिए खड़ा है।"इस घटना के बाद श्री आव्हाड की पार्टी के कार्यकर्ता हेमंत वाणी ने जब उस मोबाइल नंबर पर फोन किया तो कथित तौर पर फोन उठाने वाले व्यक्ति ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी।

राकांपा (एसपी) कार्यकर्ता वाणी से उस व्यक्ति ने कथित तौर पर कहा, "पहले मैं श्री जितेंद्र आव्हाड को गोली मारूंगा और फिर तुम्हें भी गोली मारूंगा। अपने घर से बाहर निकलो।"इसके कुछ ही देर बाद श्री वाणी ने पुलिस के पास पहुंचकर जान से मारने की धमकी मिलने के संबंध में औपचारिक शिकायत दर्ज करायी।

गौरतलब है कि प्रगतिशील विचारों के लिए पहचाने जाने वाले विधायक आव्हाड को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, इस बार उन्हें मिली धमकी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

श्री आव्हाड ने कहा कि ताजा धमकी राजनीतिक कारणों से दी गयी है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही होगा।

ठाणे शहर पुलिस ने इस धमकी का संज्ञान लिया है। वर्तकनगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गये हैं।

हालांकि, श्री आव्हाड और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में अब तक पुलिस ने किसी को हिरासत में नहीं लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित