मुंबई , अक्टूबर 22 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) अध्यक्ष सुनेत्रा पवार, राज्यसभा सांसद पार्थ पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच राष्ट्रीय राजधानी में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद मंत्रिमंडल में बदलाव की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है।
सूत्रों के अनुसार, राकांपा नेतृत्व महाराष्ट्र सरकार में वित्त मंत्रालय वापस हासिल करने की कोशिश कर रहा है, साथ ही पार्टी के बजटीय एवं मंत्री पदों के आवंटन में बदलाव की मांग कर रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि दिल्ली में हुई चर्चाओं का मुख्य केंद्र यही मांगें थीं, हालांकि किसी भी फैसले की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यह बैठक तीन दिन पहले श्रीमती सुनेत्रा पवार, श्री पार्थ पवार और श्री अमित शाह के बीच हुई शुरुआती मुलाकात के ठीक बाद हुई है। मुख्यमंत्री फडणवीस की उपस्थिति में हुई इस नयी बैठक ने राकांपा और राज्य सरकार में उसकी भूमिका से जुड़े घटनाक्रमों पर सभी का ध्यान केंद्रित किया है।
सूत्रों ने बताया कि राकांपा नेतृत्व ने वित्त मंत्रालय पर अपना दावा पेश किया है। यह मंत्रालय पहले भी पार्टी के पास था। इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में अपने मंत्रियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल की संभावना पर भी बातचीत हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित