वर्धा , जनवरी 13 -- महाराष्ट्र के वर्धा जिले के सेलू तालुका में बैंक ऑफ इंडिया की एक शाखा से देर रात 23 लाख रुपये की नकदी लूट लिए जाने का मामला सामने आया है।

पुलिस ने बताया कि एक बैंक कर्मचारी मंगलवार सुबह जब शाखा खोलने आया तो उसने एक खिड़की टूटी देखी, तब जाकर घटना का पता चला। इसके बाद तुरत शाखा प्रबंधक को सूचित किया गया।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि चोरों ने कैमरों पर कुछ स्प्रे कर और तार काटकर बैंक की सीसीटीवी निगरानी प्रणाली खराब कर दी थी। उसके बाद बड़ी खिड़की तोड़कर बैंक में घुसे और वहां रखी नकदी लेकर फरार हो गये।चोरी से स्थानीय निवासियों और आसपास के खाताधारकों में हड़कंप मच गया। पता चलते ही वे सभी बैंक के बाहर इकट्ठा हो गये।

पुलिस को संदेह है कि अपराध योजनाबद्ध तरीके से और तकनीकी तैयारी के साथ की गयी। अपराध में शामिल चोरों की सटीक संख्या का अभी पता नहीं चल पाया है।

गौरतलब है कि लगभग डेढ़ साल पहले इसी शाखा में डकैती का विफल प्रयास हुआ था। उस घटना के बाद बैंक में सुरक्षा उपाय और चौकस कर दी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित