नंदुरबार , अक्टूबर 09 -- महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले में प्रकाशा के धूलखेड़ा इलाके में बिजली का तार टूटने से एक किसान की लगभग नौ एकड़ खेत में खड़ी गन्ने की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
बिजली की तारों के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सूखा पीड़ित किसान परिवार ने फसल के जबरदस्त नुकसान के लिए तत्काल क्षतिपूर्ति की मांग की है।
महिला किसान अनिता चौधरी के खेत में लगी गन्ने की फसल कटाई से ठीक एक महीने पहले जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे उन्हें कई लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। इस घटना ने लगातार जारी सूखे की मार से उबरने की परिवार की उम्मीदों को गहरा झटका दिया है।
पीड़ित किसान के अनुसार, लटकती बिजली की तारों की मरम्मत के लिए महाराष्ट्र राज्य बिजली वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) को पहले ही आवेदन दिया गया था। समस्या का समाधान न किए जाने के कारण तार टूटकर गिर गया और गन्ने के खेत में भीषण आग लग गई।
स्थानीय किसान तुरंत मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टरों की मदद से आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की लेकिन उनकी कोशिश असफल रही और पूरी फसल जलकर राख हो गई।
राजस्व विभाग और एमएसईडीसीएल के अधिकारियों ने नुकसान का आकलन करने के लिए पंचनामा कर लिया है।
पीड़ित किसान परिवार ने बिजली लाइनों के रख-रखाव में लापरवाही को फसल की तबाही की वजह बताते हुए हुए भारी नुकसान के लिए तुरंत क्षतिपूर्ति की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित