नंदुरबार , मई 01 -- महाराष्ट्र में नंदुरबार जिले के नवापुर में पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू का एक गंभीर प्रकोप सामने आया है और प्रशासन ने लगभग 1.4 लाख मुर्गियों को नष्ट करने का आदेश जारी किया है।
जिला कलेक्टर मिताली सेठी ने बताया कि तीन पोल्ट्री फार्मों से लिए गए सैंपल जांच के लिए जब इंदौर की एक प्रयोगशाला में भेजे गये, तो सभी में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई। उसके बाद जिला प्रशासन ने बीमारी को और फैलने से रोकने को तुरंत आपातकालीन उपाय शुरू कर दिये। उन्होंने बताया कि प्रभावित फार्मों के एक किलोमीटर के दायरे में आने वाली सभी मुर्गियों को एहतियाती उपाय के तौर पर मारा जाएगा। इस क्षेत्र में स्थित लगभग छह पोल्ट्री फार्मों में करीब 1.4 लाख मुर्गियां हैं, जिन्हें अब जन स्वास्थ्य की रक्षा करने और बीमारी को फैलने से रोकने के लिए नष्ट कर दिया जाएगा।
प्रशासन ने तालुका-स्तर पर एक निगरानी समिति भी बनाई है और नवापुर क्षेत्र के सभी पोल्ट्री फार्मों से सैंपल लेना शुरू कर दिया है। प्रशासन को आशंका है कि यदि बीमारी और फैलती है, तो आसपास के क्षेत्र में लगभग 10 लाख मुर्गियां खतरे में पड़ सकती हैं।प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए प्रभावित फार्मों के आसपास तीन किलोमीटर का 'कंटेनमेंट जोन' और पांच किलोमीटर का 'बफर जोन' घोषित किया जायेगा। क्षेत्र में कड़ी निगरानी और जैव-सुरक्षा उपाय लागू किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित