नागपुर , अक्टूबर 25 -- महाराष्ट्र में नागपुर पुलिस ने यहां के एक किराये के फ्लैट से 500 रुपये के नोटों जैसे दिखने वाले छपे हुए कागज, एक लैपटॉप, कलर प्रिंटर और अन्य उपकरण जब्त किये हैं।
अधिकारियों ने रविवार को बताया कि जब्त की गई सामग्री का कुल मूल्य 37.83 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस ने इस मामले में कथित छपाई गतिविधि के संबंध में पुष्पम कृष्णा बंडाने (29) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 178, 180 और 181 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला शनिवार को सामने आया, जब मकान मालिक रमेश गंगाधर हर्डे वाठोडा स्थित थ्री स्टार कोऑपरेटिव सोसाइटी के एक फ्लैट में दो महीने से बकाया किराया लेने पहुंचे। कई बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर श्री हर्डे ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला। उन्होंने कथित तौर पर सोफे पर 500 रुपये के नोटों जैसे दिखने वाले कागज बिखरे हुए देखे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पंच गवाहों की मौजूदगी में की गयी तलाशी के दौरान पुलिस को ऐसे कागज मिले, जिन पर 500 रुपये के नोटों से मिलते-जुलते डिजाइन, चिह्न और अक्षर छपे हुए थे। इनमें से कुछ कागजों पर एक तरफ, जबकि कुछ पर दोनों तरफ छपाई की गई थी। इसी तरह के कागज प्लास्टिक में लिपटे बंडलों में भी मिले।
पुलिस ने एक आसुस लैपटॉप, एक एप्सन कलर प्रिंटर, ए4 आकार के कागज काटने वाले दो कटर, सादे कागज, विभिन्न रंगों की स्याही की बोतलें, तार और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, जब्त की गयी सामग्री का कुल मूल्य 37,83,600 रुपये आंका गया है। लैपटॉप की कीमत 30,000 रुपये, कलर प्रिंटर की 40,000 रुपये और दोनों कटर की कीमत 10,000 रुपये आंकी गयी है।
हालांकि, अभी यह स्थापित नहीं हो पाया है कि जब्त किए गए कागज जाली नोट हैं या केवल असली नोटों जैसे दिखने के लिए छापे गये थे। जब्त सामग्री का बताया गया मूल्य जाली मुद्रा के रूप में जब्त रकम का मूल्य नहीं माना जाना चाहिए, क्योंकि छपे हुए कागजों की प्रकृति और उनकी मात्रा की अभी निर्णायक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन कागजों को छापने का उद्देश्य क्या था, क्या इन्हें असली मुद्रा के रूप में चलाने की कोई कोशिश की गई थी और क्या इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। तथ्यों की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच और संभावित वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जाएगी।
इस संबंध में वाठोडा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित