मुंबई , अगस्त 11 -- महाराष्ट्र में दूध की कीमतों में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गयी है। बढ़े हुए दाम मंगलवार (11 अगस्त) से ही लागू हो गए।

'मिल्क प्रोड्यूसर्स एंड प्रोसेसर्स वेलफेयर एसोसिएशन' द्वारा तय की गई संशोधित दरों के तहत गाय के दूध की कीमत 60 से बढ़कर 62 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध की कीमत 76 से बढ़कर 78 रुपये प्रति लीटर हो गई है।

उद्योग विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में दही, पनीर, मक्खन, घी, छाछ और पारंपरिक मिठाइयों जैसे डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी 10 प्रतिशत तक का उछाल आ सकता है। इससे घरेलू बजट के साथ-साथ होटल, रेस्तरां और मिठाई विक्रेताओं पर भी आर्थिक दबाव बढ़ेगा।

डेयरी एसोसिएशन के अनुसार, परिवहन लागत में वृद्धि (डीजल के बढ़ते दाम), पैकेजिंग सामग्री के खर्च में लगभग 30 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी और मवेशियों के चारे एवं रख-रखाव के बढ़ते खर्चों के कारण यह निर्णय लेना अनिवार्य हो गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित