गढ़चिरौली , जून 20 -- महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में 10 हजार रुपये के पुराने विवाद को लेकर एक युवक की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हत्या करने के आरोप में पुलिस ने 55 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार घटना 19 जून की तड़के अहेरी तहसील के करांचा गांव में हुई। मृतक की पहचान तेलंगाना के कोमाराम भीम जिले के निवासी महेश सत्यन्ना ओडिला (28) के रूप में हुई है। वह एक मित्र के साथ अंतिम संस्कार के बाद आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया था।
दोनों रात में आरोपी लक्ष्मण सोमा आलम के घर ठहरे थे। आरोप है कि आलम ने आंगन में सो रहे महेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और बाद में निकटवर्ती जंगल में फरार हो गया।
मारपल्ली पुलिस ने तलाशी अभियान चलाकर कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कथित हथियार भी बरामद कर लिया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच लगभग छह वर्षों से 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद के कारण हत्या की गई। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह लेनदेन कथित सागौन तस्करी से जुड़ा था या नहीं।
मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित