मुंबई , अक्टूबर 21 -- महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने राज्यभर में एक सप्ताह तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 3.11 करोड़ रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं।
प्रयोगशाला की जांच में पता चला कि भिवंडी में पोमेस ऑलिव ऑयल (जैतून के गूदे से निकाला जाने वाला तेल) के नाम पर बेचा जा रहा तेल वास्तव में मूंगफली का तेल था।
एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे ने बुधवार को बताया कि 15 से 21 अक्टूबर तक चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान मिलावट, गलत लेबल लगाने, अनुचित भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों के अन्य उल्लंघनों के संदेह में 32,061 लीटर खाद्य तेल और 37,128 किलोग्राम अन्य खाद्य पदार्थ जब्त किए गये।
कोंकण मंडल में की गयी प्रमुख कार्रवाइयों में अधिकारियों ने ठाणे स्थित विराज एंटरप्राइजेज से 11,779 लीटर खाद्य तेल और 2,850 किलोग्राम चाय जब्त की। इनकी कुल कीमत 1.27 करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्रयोगशाला की जांच में पुष्टि हुई कि जीवो ब्रांड के नाम से पोमेस ऑलिव ऑयल के रूप में बेचे जा रहे उत्पाद में मूंगफली का तेल था। इससे उपभोक्ताओं को खाद्य उत्पादों के बारे में गलत जानकारी देकर गुमराह किए जाने को लेकर चिंता बढ़ गयी है।
छत्रपति संभाजीनगर मंडल में भी बड़ी कार्रवाई की गयी। अधिकारियों ने करीब 87.52 लाख रुपये मूल्य के 33,940 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त किये। इन उत्पादों में खाद्य तेल, सेव-फरसाण, खोया, पेड़ा, कलाकंद, घी और बेकरी के सामान शामिल थे।
परभणी में मयूर एजेंसीज, अथर्व एजेंसीज, वरद ऑयल इंडस्ट्रीज और मोती नमकीन से 81.71 लाख रुपये मूल्य का 31,866 किलोग्राम खाद्य तेल और सेव-फरसाण जब्त किया गया।
अधिकारियों ने धाराशिव और तुलजापुर के प्रतिष्ठानों से खोया तथा दूध से बनी मिठाइयां भी जब्त कीं। इसके अलावा वैजापुर और सिल्लोड में घी तथा बेकरी उत्पादों के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी। नागपुर मंडल में अधिकारियों ने नागपुर स्थित चंद्रभागा ट्रेडर्स से 1,078 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल जब्त किया। यह तेल अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था।
इसके अलावा चंद्रपुर के जयंत स्वीट मार्ट से 49 किलोग्राम खोया भी जब्त किया गया। इन दोनों कार्रवाइयों में जब्त सामग्री का कुल मूल्य 2,00,771 रुपये था।
पुणे में अधिकारियों ने नियंत्रित तापमान के बिना खाद्य पदार्थों के परिवहन की आशंका के चलते बावधन, कसबा पेठ और बिबवेवाड़ी स्थित प्रतिष्ठानों से 9,000 किलोग्राम पनीर और 440 किलोग्राम खोया जब्त किया।
इस अभियान के दौरान 3डी मसाले एंड ड्राईफ्रूट्स से 77.75 किलोग्राम चाय और फ्लेवर्ड ड्रिंक कॉन्सन्ट्रेट (स्वादयुक्त पेय बनाने में इस्तेमाल होने वाला गाढ़ा मिश्रण) भी जब्त किया गया। वहीं, सूर्यम एंटरप्राइजेज से 9,888 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया।
अहिल्यानगर में मिलावट के संदेह में चैतन्य किराना हार्डवेयर से सनराइज ब्रांड का 87 किलोग्राम भगर (सांवा या बार्नयार्ड मिलेट) जब्त किया गया। इसकी कीमत 6,960 रुपये बताई गयी है। मुंबई में खाद्य पदार्थों में रंगों के संदिग्ध इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई की गयी।
अधिकारियों ने कांदिवली स्थित श्री सद्गुरु फूड्स से मसालेदार आलू के चिप्स, केले के चिप्स, लहसुन की सेव और फरसाण जब्त किए। इनकी कीमत 22,045 रुपये थी। वहीं, श्री गणेश फरसाण से 3,150 रुपये मूल्य की जलेबी और हलवा जब्त कर नष्ट कर दिया गया।
विभाग ने प्रतिबंधित पान मसाला और सुगंधित तंबाकू की बिक्री तथा परिवहन के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है। जालना जिले में मुंबई सतर्कता इकाई से मिली सूचना के बाद अधिकारियों ने चिताली पुतली फाटा के पास एक आइशर वाहन को रोका। वाहन की जांच में 53.25 लाख रुपये मूल्य के प्रतिबंधित उत्पाद मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित