जालना , नवंबर 27 -- महाराष्ट्र के जालना जिले में पुलिस ने पशुओं के बाड़े में गुपचुप ढंग से चलाए जा रहे " अवैध भ्रूण परीक्षण " केन्द्र और गर्भपात कराने वाले रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि मौके पर कथित तौर पर भ्रूण परीक्षण करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों की एक संयुक्त टीम ने बुधवार को भोकरदन तहसील के नांजा वाडी गांव में इस पशुबाड़े पर छापा मारा। यह अवैध केंद्र एक खेत में बने टीन शेड के अंदर चल रहा था। मौके पर तीन महिलाएं भी मिलीं जो अपनी जांच के लिए इंतजार कर रही थीं। पुलिस ने पुष्टि करते हुए कहा कि गिरफ्तार किए गए दोनों व्यक्तियों के पास कोई चिकित्सीय डिग्री तक नहीं है।
मुख्य आरोपी सतीश सोनावणे महज 12वीं पास है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ छत्रपति संभाजीनगर, बीड और जालना जिलों में भी इसी तरह के मामले दर्ज हैं। दूसरा आरोपी केशव गावंदे है जो भोकरदन तहसील में पैथोलॉजी लैब चलाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित