मुंबई , अक्टूबर 19 -- महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार ने गैंगस्टरवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी से जुड़ी हालिया गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म कलाकारों और आम नागरिकों की सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने का आश्वासन दिया है।
श्री कदम ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य का सुरक्षा तंत्र विदेशों से संचालित होने वाले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक सिंडिकेटों के तौर-तरीकों से पूरी तरह अवगत है। ये गिरोह सोशल मीडिया पर धमकियां देकर और भाड़े के शूटरों के जरिए स्थानीय स्तर पर जबरन वसूली और आतंक फैलाते हैं।
श्री कदम ने कहा, "राज्य सरकार इस गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं करेगी। इस अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट को ध्वस्त करने के लिए हम केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की मदद ले रहे हैं और दोषियों के खिलाफ शत प्रतिशत सख्त कार्रवाई की जाएगी।"फिल्म जगत को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि कलाकारों और नागरिकों को डरने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस खतरे का आकलन कर रही है और पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित