मुंबई , अक्टूबर 13 -- महाराष्ट्र प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने उच्चतम न्यायालय की ओर किये गये विरोध मार्च को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की मंगलवार को आलोचना की।

श्री बन ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए न्यायपालिका को लोकतंत्र के चार स्तंभों में से एक बताया और आरोप लगाया कि यह विरोध एक महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था पर हमला है। उन्होंने कहा कि यह न्यायपालिका पर भीड़ का दबाव बनाने जैसा है और डॉ. बीआर आंबेडकर के नेतृत्व में बने संविधान में अविश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कांग्रेस पर संविधान को कमजोर करने का इतिहास होने का आरोप लगाया और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान लगाये गये आपातकाल का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि श्री राहुल गांधी के नेतृत्व में हालिया विरोध-प्रदर्शन लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति अनादर का एक और उदाहरण है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करते हुए दावा किया कि पार्टी अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की तुलना में गांधी परिवार के सदस्यों, विशेषकर श्री राहुल गांधी और सुश्री प्रियंका गांधी वाड्रा को प्राथमिकता देती है।

भाजपा नेता ने दावा किया कि श्री राहुल गांधी के साथ चलते समय कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. शिवकुमार को किनारे कर दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान एक महिला संवाददाता को धक्का दिया गया और उसके साथ मारपीट की गयी और कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ भी बदसलूकी की गयी और उन्हें प्रदर्शन से हटा दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित