नयी दिल्ली , जुलाई 14 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीट) का पेपर लीक होने और परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है।

उन्होंने बुधवार को कहा कि परीक्षा रद्द होने के दो सप्ताह बाद भी नई परीक्षा तिथि घोषित नहीं की गई है, जिससे करीब छह लाख अभ्यर्थी अनिश्चितता में हैं। पेपर लीक करने वाले खुले घूम रहे हैं, जबकि ईमानदारी से मेहनत करने वाले अभ्यर्थी इसकी सज़ा भुगत रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये वही युवा हैं, जिन्होंने वर्षों तक तैयारी की, आवेदन शुल्क भरा, दूर-दराज़ के परीक्षा केंद्रों तक पहुंचे और अब बिना किसी स्पष्ट जानकारी के केवल इंतज़ार कर रहे हैं।

उन्होंने मुख्यमंत्री से तीन तत्काल कदम उठाने की मांग की। पहली, महाराष्ट्र टीट की नई परीक्षा तिथि तुरंत घोषित की जाए। दूसरी, पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, न कि अभ्यर्थियों को परेशान किया जाए। तीसरी, पेपर लीक के कारण जिन उम्मीदवारों का एक वर्ष प्रभावित हुआ है, उन्हें आयु सीमा में छूट दी जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित