नागपुर , अक्टूबर 24 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की है कि सेना और वायुसेना में अपना कार्यकाल पूरा करने वाले अग्निवीरों को भी राज्य पुलिस बल में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।

श्री फडणवीस ने शुक्रवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि महाराष्ट्र पुलिस में शामिल होने के इच्छुक अग्निवीरों को पुलिस बल में नियुक्त किया जाएगा। राज्य सरकार सेना और वायुसेना से लौटने वाले अग्निवीरों को भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी।

श्री फडणवीस ने बताया कि राज्य सरकार नौसेना के अग्निवीरों के पहले बैच को पहले ही महाराष्ट्र पुलिस की तटीय सुरक्षा शाखा में शामिल कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि इन जवानों ने व्यापक प्रशिक्षण प्राप्त किया है और चुनौतीपूर्ण इलाकों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं। उनका अनुभव और कौशल तटीय सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ पुलिस बल के लिए भी लाभकारी साबित होगा।

श्री फडणवीस ने कहा कि अग्निवीरों की नियुक्ति को सुगम बनाने के लिए राज्य सरकार ने मौजूदा भर्ती नियमों में संशोधन किया है।

नौसेना के अग्निवीरों को पुलिस भर्ती की नई परीक्षा से गुजरे बिना सीधे नियुक्त किया गया है, क्योंकि वे सैन्य सेवा के दौरान पहले ही कठिन चयन प्रक्रिया से गुजर चुके हैं और विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सेना और वायुसेना से अपना कार्यकाल पूरा कर लौटने वाले अग्निवीरों को भी महाराष्ट्र पुलिस में शामिल होने के समान अवसर दिए जाएंगे।

श्री फडणवीस ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में महाराष्ट्र के निवासी नौसेना के 282 अग्निवीरों को पुलिस कांस्टेबल के पद पर नियुक्त किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इनमें 150 सीमैन डेकसाइड और 132 सीमैन इंजनसाइड कर्मी शामिल हैं। सभी को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित