मुंबई , अक्टूबर 28 -- महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक ने पूरे राज्य में रैपिडो, ओला और उबर जैसी ऐप-आधारित परिवहन सेवा के चालकों की पुलिस द्वारा गहन पृष्ठभूमि जांच कराने का आदेश दिया है।

यह निर्णय मुंबई के माहिम में ऐप-आधारित बाइक टैक्सी चालक के खिलाफ हाल ही में आतंकवाद-रोधी दस्ते (एटीएस) की कार्रवाई के बाद लिया गया है।

मोटर परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की एक उच्च-स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए श्री सरनाईक ने कड़े निर्देश दिये कि जो चालक लाइसेंस नियमों का उल्लंघन करते हैं, दस्तावेज़ सत्यापन में विफल रहते हैं या किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि में शामिल पाए जाते हैं, उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज किये जायें। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार मौजूदा परिवहन कानूनों में संशोधन करने पर गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि ऐप-आधारित एग्रीगेटर्स को एक सख्त नियामक संरचना के दायरे में लाया जा सके।

यह मामला एटीएस की उस जांच के बीच सामने आया है जिसमें माहिम निवासी एक रैपिडो चालक पर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने का आरोप है। पुलिस की शुरुआती जांच में संदिग्ध का किसी आतंकी मॉड्यूल या पाकिस्तानी संगठनों से कोई सीधा संबंध नहीं मिला है लेकिन इस घटना ने टेक एग्रीगेटर्स की कार्यप्रणाली में कई बड़ी कमियों को उजागर किया है, विशेषकर चालकों को काम पर रखने की प्रक्रिया, उनके दस्तावेजों की जांच और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े नियमों के मामले में।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित