भिवंडी , सितंबर 19 -- महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के प्रश्नपत्र लीक मामले के सिलसिले में पुलिस ने भिवंडी स्थित अदालत में 3,500 पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी है।

इस आरोपपत्र में जांच के दौरान एकत्र किये गये इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, गवाहों के बयान और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री शामिल है। इस संबंध में कुल 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने प्रत्येक आरोपी की भूमिका की गहन जांच कर आरोपपत्र दाखिल किया है।

महाराष्ट्र में शिक्षण पदों के लिए उम्मीदवारों की पात्रता निर्धारित करने के उद्देश्य से टीईटी परीक्षा आयोजित की जाती है। परीक्षा पत्र के लीक होने से परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और पवित्रता पर गंभीर सवाल खड़े हो गये थे, जिसके बाद अधिकारियों ने व्यापक जांच शुरू की।

रिपोर्टों के अनुसार, आरोप पत्र में जांच टीम के एकत्र किये गये साक्ष्यों का पूरा ब्योरा शामिल है, जिसमें पेपर लीक से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड और अन्य सामग्री शामिल हैं। अभियोजन पक्ष के मामले को मजबूत करने के लिए गवाहों के बयानों को भी इसमें शामिल किया गया है।

मामले की गंभीरता के मद्देनजर उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद विशेष त्वरित अदालत की व्यवस्था की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित