मुंबई , मई 7 -- महाराष्ट्र में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच मई के पहले सप्ताह में 411 गांवों और 1,194 बस्तियों के निवासी पीने के पानी की आपूर्ति के लिये पूरी तरह से पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।

तपती गर्मी में भारी वृद्धि हुई है और अधिकारियों को डर है कि महीने के अंत तक पानी की कमी वाले क्षेत्रों की संख्या और बढ़ सकती है। राज्य भर के बांधों में जल स्तर तेजी से घट रहा है और अब यह गिरकर लगभग 38 प्रतिशत रह गया है। महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बनी हुयी है, जिससे जल भंडार कम हो रहे हैं और ग्रामीणों को टैंकरों की आपूर्ति पर निर्भर होना पड़ रहा है। वर्तमान में, कुल 1,605 स्थानों को कवर करने वाले 12 जिलों में टैंकरों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है।

राज्य प्रशासन ने मई के पहले सप्ताह में ही पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिये 466 टैंकर तैनात किये हैं, जिनमें 20 सरकारी और 446 निजी टैंकर शामिल हैं। इसकी तुलना में, अप्रैल के चौथे सप्ताह के दौरान 321 टैंकर चल रहे थे, जो बहुत कम समय में पानी की मांग में भारी वृद्धि को दर्शाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित