हिंगोली , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र के हिंगोली रेलवे स्टेशन पर एक किशोर के साथ कथित मारपीट और उसके साथ मौजूद महिलाओं से दुर्व्यवहार के विरोध में यात्रियों के प्रदर्शन के कारण जोधपुर-हैदराबाद ट्रेन दो घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही।

अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। यह घटना कथित तौर पर भगत की कोठी-काचीगुड़ा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 17606) में हुई। ट्रेन वाशिम स्टेशन से आगे निकलने के कुछ ही समय बाद यह घटना हुई। वाशिम से हिंगोली की दूरी करीब 40 किलोमीटर है।

डॉ. बी. आर. आंबेडकर के अनुयायियों का यह समूह दशहरा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद नागपुर से लौट रहा था। यात्रियों ने नांदेड़ जाने के लिए अकोला से ट्रेन पकड़ी थी। इसी दौरान समूह का एक किशोर सदस्य गलती से आरक्षित कोच में प्रवेश कर गया।

प्रदर्शन कर रहे यात्रियों के अनुसार, कुछ यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने कथित तौर पर उस किशोर के साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि जब समूह की महिलाओं ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो उन्हें धक्का दिया गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि समूह के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट की गयी।

हिंगोली स्टेशन पहुंचने पर नाराज यात्री ट्रेन से उतर गए और इंजन के ठीक सामने पटरियों पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ट्रेन का परिचालन रोक दिया। इस प्रदर्शन के कारण ट्रेन का सफर दो घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। स्थिति सामान्य करने के लिए हिंगोली शहर की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित