कोल्हापुर , जून 04 -- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने महाराष्ट्र के सतारा जिले में तैनात एक महिला ग्राम राजस्व अधिकारी (तलाठी) को प्रमाण पत्र पर वारिस का नाम चढ़ाने के बदले 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार महिला की पहचान अर्चना रामचंद्र गावड़े (40) के रूप में हुई है, जो सतारा जिले के चचेगांव में तलाठी के पद पर कार्यरत है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार शिकायतकर्ता ने अपनी दादी की मृत्यु के बाद 7/12 प्रमाण पत्र पर वारिस का नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया था। जब वह सुश्री गावड़े से मिले तो उन्होंने इस काम के बदले 2500 रुपये की रिश्वत मांगी।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने इस बात की जानकारी एसीबी के अधिकारियों को दी, जिन्होंने जाल बिछाया और सुश्री गावड़े को शिकायतकर्ता से 2500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित