नासिक , मार्च 25 -- पेट्रोल की आगामी किल्लत को लेकर अफवाहों के सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद महाराष्ट्र के कई हिस्सों में ईंधन खरीदने की होड़ देखी गई और देर रात तक पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अमेरिका, 'इजरायल और ईरान के बीच चल रहे भू-राजनीतिक तनाव के कारण पेट्रोल की आपूर्ति रुक जायेगी' जैसे संदेश सोशल मीडिया पर प्रसारित होने से लोग घबरा गये। इससे डरे लोग रात 11 बजे से आधी रात के बीच पेट्रोल पंपों की ओर दौड़े, जिससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई।
ऐसी ही स्थिति नागपुर में भी देखी गई, जहां अधिकारियों के ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता के आश्वासन के बावजूद कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी लाइनें देखी गईं। मांग में अचानक आई इस तेजी के कारण कुछ केंद्रों पर अस्थायी कमी भी हो गई।
ईंधन की कमी की अफवाहों ने सांगली जिले में भी वाहन स्वामियों को पेट्रोल पंपों का रुख करने पर मजबूर कर दिया, जिससे वहां जाम और अफरा-तफरी के हालात बन गये। भंडारा में भी ईंधन केंद्रों पर भारी भीड़ देखी गई, जहां चिंतित नागरिक आपूर्ति बाधित होने के डर से अपनी टंकियां भरवाने की कोशिश करते दिखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित