पुणे , जुलाई 08 -- महाराष्ट्र में पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवाड़ में बुधवार को एक इमारत ढहने से कम से कम 15 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह इमारत मोशी कचरा डिपो के पास स्थित थी और पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के बाद कचरे का एक बड़ा ढेर खिसक कर इस ढांचे पर गिर गया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के सही कारणों की आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है।

पिछले कुछ दिनों से पुणे, पिंपरी-चिंचवाड़ और आसपास के ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश हो रही है। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी और डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग के कर्मचारी और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित