धुले , सितंबर 16 -- धुले के देवपुर स्थित जेंडा चौक इलाके के एकवीरा पार्क में एक घर के पास एक दुर्लभ सफेद कोबरा पाया गया, , जिसे एल्बिनो सांप के रूप में जाना जाता है।

स्थानीय निवासियों की सूचना पर 'वॉर फाउंडेशन' से जुड़े सर्प मित्र चंदन ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर नाग का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

श्री ठाकुर ने बिना कोई नुकसान पहुंचाए नाग को सावधानीपूर्वक पकड़ लिया, जिससे क्षेत्र के निवासियों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू किये गये नाग को बाद में वन विभाग के अधिकारियों और सर्प मित्रों की मौजूदगी में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

नाग को जंगल में छोड़ते समय वन रक्षक रामदास पांधरे, सर्प मित्र स्वप्निल सोनावणे और रेस्क्यू टीम के अन्य सदस्य मौजूद थे।

सर्प मित्रों के अनुसार, शरीर में पिगमेंटेशन की कमी के कारण एल्बिनो सांप सफेद या हल्के रंग के दिखाई देते हैं और ऐसे सांप बेहद दुर्लभ होते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि सांप दिखने पर उसे खुद पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वॉर फाउंडेशन या वन विभाग को सूचित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित