धुले , अक्टूबर 18 -- महाराष्ट्र के धुले ज़िले के वाडीभोकर इलाके में ज़हरीला खाना खाने से 16 कुत्तों की मौत हो गई, जिससे पशु प्रेमियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।
ऋषिका उत्तम पाटिल की शिकायत पर वेस्ट देवपुर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि कैमरे में दो अज्ञात लोगों की संदिग्ध हरकतें कैद हुई हैं। यह घटना शुक्रवार रात को तब सामने आई, जब वाडीभोकर रोड स्थित सुशांत कॉलोनी में ऋषिका पाटिल के पालतू कुत्ते 'झिंगा' के मुंह से अचानक लार टपकने लगी और वह बहुत बेचैन हो गया।
उन्होंने तुरंत एक पशु चिकित्सक को बुलाया और इलाज शुरू कराया लेकिन इलाज के दौरान ही कुत्ते की मौत हो गई। उसी इलाके में चार और कुत्तों की मौत से स्थानीय लोग चिंतित हो गए। शनिवार शाम तक मरने वाले कुत्तों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। बाद में पता चला कि कुल 16 कुत्तों की मौत हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारियों ने मृत कुत्तों का पोस्टमार्टम किया। अधिकारियों के अनुसार कुत्तों की मौत ज़हरीला खाना खाने से हुई है। इस घटना ने वाडीभोकर रोड इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित