जलगांव , मई 20 -- महाराष्ट्र के जलगांव जिले में एक पेट्रोल पंप कर्मचारी पर दो अज्ञात बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

कर्मचारी का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने पेट्रोल-डीजल का स्टॉक खत्म होने की बात कहकर उन्हें ईंधन देने से मना कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक, म्हासावद इलाके में यह घटना तब हुई जब कर्मचारी ने दोनों युवकों को बताया कि पंप पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं है। इस बात से गुस्साए युवकों ने कर्मचारी पर हमला बोल दिया और उसके पेट में चाकू घोप दिया। घायल कर्मचारी की पहचान 21 वर्षीय तुषार गुरव के रूप में हुई है। यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

हमले के बाद एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीमें फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई हैं तथा जगह-जगह छापेमारी कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित