गढ़चिरौली , सितंबर 03 -- महाराष्ट्र में गढ़चिरौली जिले की अहेरी और सिरोंचा तहसीलों समेत कुछ हिस्सों में गुरुवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 3.6 मापी गयी।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार भूकंप के झटके आज तड़के 4:36 मिनट पर महसूस किये गये। रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.6 मापी गयी। भूकंप का केंद्र पड़ोसी राज्य तेलंगाना के करीमनगर से लगभग 112 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में जमीनी सतह से 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
अहेरी और सिरोंचा के कई गांवों के निवासियों ने झटके महसूस किए, जिससे कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। हालांकि, किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई रिपोर्ट नहीं है।
जिला प्रशासन ने कहा कि स्थिति सामान्य है और नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की। हाल के वर्षों में गढ़चिरौली-तेलंगाना सीमावर्ती क्षेत्र में कई बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित