म.प्र. क्रिकेटर व्यवसायी दुर्घटना मृत्यु बड़वानी , जून 01 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को हुई सड़क दुर्घटना में महाराष्ट्र के एक क्रिकेटर और एक व्यवसायी की मृत्यु हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए।
सेंधवा ग्रामीण थाना प्रभारी ओपी सिंह चोगड़े ने बताया कि यह दुर्घटना जामली गांव के समीप उस समय हुई, जब तेज गति से जा रही कार के चालक को झपकी आ गई। इसके चलते कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी ओर चली गई और कई बार पलटने के बाद सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
दुर्घटना में महाराष्ट्र के संभाजीनगर निवासी अनिकेत काले (28) और बद्रीनाथ नांगरे (30) की मृत्यु हो गई। वहीं पुणे निवासी भूषण (25) तथा संभाजीनगर निवासी ओंकार (26) घायल हो गए। दोनों घायलों को सेंधवा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार चारों मित्र धार्मिक स्थलों के भ्रमण पर निकले थे और लेह-लद्दाख की यात्रा पर जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मृतकों और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। बताया गया कि अनिकेत काले संभाजीनगर के क्लब क्रिकेट में सक्रिय खिलाड़ी थे, जबकि बद्रीनाथ नांगरे रेस्टोरेंट व्यवसाय से जुड़े हुए थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित