नासिक , मई 04 -- महाराष्ट्र में शिर्डी थाना की पुलिस टीम स्वयंभू भगवान और ज्योतिषी अशोक खरात को उनके खिलाफ दर्ज दो मामलों के मद्देनजर हिरासत में लेने के लिए नासिक रवाना हो गई है।
गौरतलब है कि अशोक खरात फिलहाल रेप के एक मामले में नासिक विशेष जांंच दल (एसआईटी) की हिरासत में हैं और उन्हें सोमवार को नासिक की अदालत में पेश किया जाना है। इन दो मामलों में से एक जमीन पर कब्जा करने से जुड़ा है और दूसरा एक क्रेडिट सोसाइटी में नकली बैंक खाते बनाने से संबंधित है।
शिर्डी पुलिस अशोक खरात की हिरासत लेने को नासिक की अदालत में जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करेगी।
अशोक खरात और उनकी पत्नी कल्पना खरात के खिलाफ शिर्डी थाना में एक मामला दर्ज किया गया है। उन पर अवैध रूप से पैसे उधार देने की गतिविधियों में शामिल होने और चार एकड़ जमीन पर कब्जा करने का आरोप है। राहाता में समता क्रेडिट सोसाइटी में 100 नकली खातों से जुड़े मामले में भी खरात के खिलाफ एक अलग मामला दर्ज किया गया है।
शिर्डी पुलिस अशोक खरात की हिरासत चाहती है, ताकि नकली बैंक खाते बनाने और अवैध रूप से पैसे उधार देने के माध्यम से किसानों की जमीन पर धोखे से कब्जा करने के आरोपों की जांच की जा सके।
इस बात की पूरी संभावना है कि शिर्डी पुलिस सोमवार को अशोक खरात को हिरासत में लेने में सफल रहेगी। शिर्डी पुलिस द्वारा फरार आरोपी कल्पना खरात को भी जल्द ही गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित