नागपुर , अक्टूबर 22 -- महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस ने गुरुवार को नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाया और दावा किया है कि एक ही मोबाइल नंबर का उपयोग कर 22,000 मतदाताओं का पंजीकरण किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अतुल लोंढे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग को इस मुद्दे के बारे में कई बार सूचित किया गया लेकिन वह कोई ठोस कार्रवाई करने में विफल रहा। उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की।
एक पुरानी शिकायत का उल्लेख करते हुए श्री लोंढे ने बताया कि मतदाता सूची में 8,744 नकली प्रविष्टियां भी पायी गयी जिससे पंजीकरण प्रक्रिया की विश्वसनीयता को लेकर और चिंताएं उत्पन्न हो गयी हैं। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र एवं महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकारों की आलोचना भी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए गलत तरीकों का सहारा ले रही है।
इन आरोपों पर भाजपा और चुनाव आयोग की आधिकारिक प्रतिक्रियाएं नहीं आयी है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की 78 सीटों में से पांच सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनाव 23 अक्टूबर को होंगे। ये सीटें औरंगाबाद, पुणे, नागपुर और अमरावती संभागों के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
मतदान कल सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित