मुंबई , मई 24 -- वाशिम जिले के शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व जिला प्रमुख सुरेश मापारी रविवार को मुंबई में बड़ी संख्या में अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।

श्री मापारी अपना राजनीतिक जनाधार और ताकत दिखाते हुए 29 वाहनों के काफिले के साथ मुंबई पहुंचे। महाराष्ट्र भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चह्वाण की उपस्थिति में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

यह सियासी बदलाव शिवसेना (यूबीटी) का जिला प्रमुख के पद से उन्हें हटाये जाने के ठीक दो दिन बाद आया है। उन्हें हटाकर श्री बालाजी वानखेड़े को नया जिला प्रमुख नियुक्त किया गया था, जिससे श्री मापारी नाराज बताए जा रहे थे। इस फैसले के बाद दल बदलने का अंतिम निर्णय लेने से पहले उन्होंने अपने समर्थकों के साथ एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया था।

श्री मापारी इससे पहले जिला परिषद सदस्य, वित्त एवं निर्माण समिति के सभापति और कृषि उपज मंडी समिति (एपीएमसी) के सभापति के रूप में सेवाएं दे चुके हैं।

श्री मापारी के साथ शिवसेना (यूबीटी) के आठ पार्षदों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया, जिससे स्थानीय नगर निकाय के राजनीतिक समीकरणों पर बड़ा असर पड़ा है।

इस दल-बदल को वाशिम में उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, विशेष रूप से आगामी स्थानीय स्वशासन और विधान परिषद चुनावों से पहले। माना जाता है कि ग्रामीण इलाकों में श्री मापारी का जमीनी नेटवर्क काफी मजबूत है, जो जिले में भविष्य के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को प्रभावित कर सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित