अमरावती , सितंबर 06 -- महाराष्ट्र के अमरावती जिले के चंदूर बाज़ार तहसील के सोनारी गांव में रविवार को एक बाघिन के हमले में 18 वर्षीय युवती की मौत हो गयी, जिसके बाद ग्रामीणों ने आक्रोश में आकर वन विभाग के वाहनों के साथ तोड़-फोड़ की।
मृतक का नाम उर्मिला इवाने है। वह खेत में चारा काटने गयी थी जब बाघिन ने उसपर हमला कर दिया और उसे करीब की झाड़ियों में ले गयी। उर्मिला के घर न लौटने के बाद जब स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की तो उन्हें उसका शव मिला।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में बाघों के हमले का डर बढ़ गया है। हाल के दिनों इस क्षेत्र में बाघ के हमलों और मवेशियों के मरने की कई खबरें सामने आयी हैं। इससे पहले मोरसी तहसील में एक किसान की बाघिन के हमले में मौत हो गयी थी, जबकि अलग-अलग घटनाओं में मवेशी भी निशाने पर आये थे।
बार-बार हो रहे हमलों और वन विभाग के जानवर को पकड़ने में नाकाम रहने से नाराज़ ग्रामीणों ने विभाग की गाड़ियों में तोड़-फोड़ की और तुरंत कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित