मुंबई , जुलाई 19 -- मुंबई के पूर्वी उपनगर भांडुप में पुलिस ने एटीएम से ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर एक ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जो साथियों के साथ मिलकर ग्राहकों को चूना लगाता था। ये लोग एटीएम के कैश निकलने वाले स्लॉट में प्लास्टिक की पट्टी फंसा देते थे, जिससे पैसे बाहर नहीं आ पाते थे और ग्राहक ठगे जाते थे।

पुलिस ने रविवार को बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस अपराध से जुड़ी दो महिलाओं को नोटिस जारी किया गया है। इस रैकेट का खुलासा तब हुआ, जब बैंक ऑफ बड़ौदा की भांडुप शाखा प्रबंधक ने एक शिकायत दर्ज करायी, जिसमें कहा गया था कि कई ग्राहकों ने शिकायत की है कि उनके खातों से लेनदेन की राशि कट जाने के बावजूद एटीएम से कोई नकदी नहीं निकली। बैंक को ऐसी पांच शिकायतें मिली थीं।

पुलिस ने तफ्तीश में पाया कि आरोपी एटीएम के कैश निकलने वाले स्लॉट में पतली प्लास्टिक की पट्टियां डाल देते थे, जिससे नोट मशीन में ही फंस जाते थे। जब ग्राहक यह सोचकर चले जाते थे कि लेन-देन विफल हो गया है, तो आरोपी वापस आकर फंसे हुए कैश निकाल लेते थे। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए भांडुप पुलिस ने मामला दर्ज किया और मुख्य आरोपी मोहम्मद जियाद उर्फ अयान इरशाद अहमद (21) को भांडुप इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं, आरिफा अजीम दुकानदार (45) और नमीरा अजीम दुकानदार (24) की भी संलिप्तता की पहचान की है। दोनों को नोटिस थमा दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित