मुंबई , मार्च 09 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अविनाश जाधव ने राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर सामाजिक न्याय विभाग में कथित अनियमितताओं और प्रशासनिक खामियों की जांच की मांग की है।

श्री जाधव ने पत्र में विभाग के फंड के बंटवारे, निविदा प्रक्रिया और मंत्री कार्यालय के कुछ अधिकारियों के कामकाज पर गंभीर सवाल उठाये हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस मामले की तुरंत जांच शुरू करने और गड़बड़ी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

पत्र में सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट के निजी सचिव भरत कदम पर भी आरोप लगाये गये हैं। श्री जाधव ने श्री सिद्धार्थ भंडारे की भूमिका पर भी सवाल उठाया है। खबर है कि श्री भंडारे बिना किसी आधिकारिक नियुक्ति आदेश के विभाग में 'विशेष कार्य अधिकारी' (ओएसडी) के रूप में काम कर रहे हैं।

पत्र के मुताबिक, हाल के दिनों में सामाजिक न्याय विभाग के भीतर गंभीर अनियमितताओं की कई शिकायतें सामने आयी हैं। खासतौर पर विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत फंड बांटने में धांधली के आरोप लगाये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित