नागपुर , अक्टूबर 25 -- महाराष्ट्र के नागपुर में सेंट्रल एवेन्यू रोड पर गीतांजलि स्क्वॉयर के पास पॉल पैलेस होटल के पीछे बने एक कबाड़ गोदाम में रविवार सुबह संभवत: शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई, जिससे पूरा परिसर जलकर खाक हो गया।

अधिकारियों ने हादसे में किसी के हताहत न होने की सूचना दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग सुबह करीब आठ बजे गोदाम में लगी, जिसके मालिक मोमिनपुरा निवासी मोहम्मद अशरफ अंसारी बताये जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि सटीक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

लपटों ने जल्द ही पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और पास के मकानों तक फैल गयी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे तथा सात अग्निशमन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गोदाम पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित