ठाणे , सितंबर 06 -- महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने आशंका जताई है कि देश के मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए आगामी गणेशोत्सव के दौरान बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक दंगे भड़काने के प्रयास किए जा सकते हैं।

श्री ठाकरे ने रविवार को ठाणे के राम गणेश गड़करी रंगायतन में मनसे पदाधिकारियों की राज्यस्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र में तनाव पैदा करने के लिए एक तंत्र सक्रिय रूप से काम कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के भीतर भी कुछ लोग इस मुद्दे पर खुलकर बोलने में असमर्थ महसूस कर रहे हैं। त्योहार के दौरान माहौल बिगड़ने की चिंता व्यक्त करते हुए मनसे प्रमुख ने हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों से सतर्क रहने और किसी भी प्रकार के उकसावे में न आने की अपील की।

श्री ठाकरे ने बैठक में कहा कि उन्हें डर है कि गणेशोत्सव के दौरान महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि पूरे देश में जानबूझकर दंगे कराए जा सकते हैं ताकि लोग इनमें उलझ जाएं और वास्तविक समस्याओं को भूल जाएं। उन्होंने मुंबई में हुई हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए चेतावनी दी कि हिंदू या मुस्लिम के नाम पर असामाजिक तत्वों को समुदायों में शामिल कर संघर्ष की स्थिति पैदा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों धर्मों के समझदार लोगों को सावधान रहना चाहिए, क्योंकि इस तरह के प्रायोजित दंगों में दोनों पक्षों के निर्दोष युवाओं की जान जा सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित