कोल्हापुर , जुलाई 31 -- महाराष्ट्र में कोल्हापुर शहर और ज़िले की कुछ तहसीलों के लिए पीने के पानी का मुख्य स्रोत राधानगरी बांध शुक्रवार को अपनी पूरी क्षमता तक पूरा भर गया और ओवरफ्लो होने लगा है।
ज़िला सिंचाई विभाग के सूत्रों के अनुसार बांध अपनी पूरी क्षमता तक भर गया है और ओवरफ्लो हो रहा है, जिससे इसके छठे स्वचालित द्वार से अतिरिक्त पानी छोड़ा जा रहा है। बांध की पानी भंडारण क्षमता 8.35 टीएमसी है और छठे स्वचालित द्वार और बीओटी पावर हाउस से भोगवती नदी में 2,828 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
इस बीच राधानगरी बांध से पानी छोड़े जाने और ज़िले के पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश के कारण राजाराम बंधारा (वियर) पर मुख्य पंचगंगा नदी का जलस्तर 33.02 फ़ीट तक बढ़ गया है। ज़िले में अलग-अलग नदियों के बाढ़ के पानी के कारण कुल 37 बंधारे जलमग्न हो गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित