मुंबई , जुलाई 14 -- महाराष्ट में पालघर जिले के काशीमीरा इलाके में पार्किंग की जगह को लेकर हुये विवाद ने हिंसक रूप ले लिया जिसमें एक युवक और उसकी मां घायल हो गए।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना में 21 वर्षीय युवक और उसकी मां को चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि चार लोगों ने कथित तौर पर एक युवक और उसकी माँ के साथ जमकर मारपीट की। यह घटना सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे काशीमीरा पुलिस थाने के अधिकार क्षेत्र में आने वाले पटेल कॉम्प्लेक्स में हुई।
पुलिस के अनुसार, मोहम्मद शफ़ात शाहबाज़ उस्मानी अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर से घर लौटा और अपनी रिहायशी सोसाइटी में गाड़ी पार्क करने की कोशिश करने लगा। तभी कॉम्प्लेक्स के सामने वाली बिल्डिंग में रहने वाले सुल्तान नासिर खान ने कथित तौर पर इस पर आपत्ति जताई और दावा किया कि पार्किंग की जगह उसकी है। इसके बाद देखते ही देखते बहस बढ़ गई, जिसमें सुल्तान ने कथित तौर पर उस्मानी को थप्पड़ मारा। एक अन्य व्यक्ति ने उसे धक्का देकर ज़मीन पर गिरा दिया, जिसके बाद उसे लात-घूंसे मारे गए। अपने बेटे की चीख-पुकार सुनकर उसकी माँ, शबनम उस्मानी, मौके पर पहुँचीं।
शिकायत के अनुसार, सुल्तान के पिता नासिर खान और भाई अल्तमश खान भी कथित तौर पर झगड़े में शामिल हो गए और उन्होंने भी माँ-बेटे के साथ मारपीट की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित