अमरावती , जुलाई 21 -- महाराष्ट्र के अमरावती में एक आश्रम के प्रमुख आध्यात्मिक गुरु पर एक महिला ने कई वर्षों तक उसके साथ बार-बार बलात्कार करने और यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आश्रम प्रमुख के खिलाफ यौन शोषण और बलात्कार का मामला दर्ज कर लिया है।
एक अधिकारी ने मंगलवार को जानकारी दी कि रविवार को आनंद मठ के दत्तागिरी गुरु जयरामजी महाराज के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2) (बलात्कार) और धारा 351(2) के अलावा पॉक्सो कानून की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उन्होंने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि वह पहली बार 2014 में एक कार्यक्रम के दौरान जयरामजी महाराज से मिली थी और 2016 में जब वह नाबालिग थी तभी से उनके साथ रहने लगी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित