अमृतसर , जून 19 -- महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के अवसर पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन और स्मृति समारोहों में भाग लेने के लिए 290 श्रद्धालुओं का जत्था 21 जून को शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के मुख्य कार्यालय से पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।
एसजीपीसी की धर्म प्रचार समिति के सचिव गुरिंदर सिंह मथरेवाल ने बताया कि महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के अवसर पर गुरुद्वारा श्री डेरा साहिब में आयोजित होने वाले धार्मिक समारोह में शामिल होने तथा पाकिस्तान स्थित अन्य प्रमुख गुरुद्वारों के दर्शन के लिए 302 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे। उन्होंने बताया कि इनमें से 290 श्रद्धालुओं को वीजा जारी किया गया है।
एसजीपीसी के अनुसार, जत्था पाकिस्तान में विभिन्न ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन करेगा और 29 जून को आयोजित महाराजा रणजीत सिंह की बरसी के मुख्य कार्यक्रम में शामिल होगा। इसके बाद श्रद्धालु 30 जून को भारत वापस लौटेंगे।
श्री मथरेवाल ने श्रद्धालुओं को सूचित किया कि वे अपने वीजा लगे पासपोर्ट 20 और 21 जून को एसजीपीसी कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित