मैनपुरी , अक्टूबर 20 -- विजयादशमी के अवसर पर 1857 के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा तेज सिंह जूदेव की जयंती के उपलक्ष्य में मैनपुरी में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह शोभायात्रा में शामिल हुए। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के लोगों ने भागीदारी की। आकर्षक झांकियों और महाराजा तेज सिंह जूदेव के जयकारों से नगर का वातावरण गूंज उठा। शोभायात्रा के अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने विजयादशमी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम ने रावण पर विजय प्राप्त कर बुराई के अंत और धर्म की स्थापना का संदेश दिया था। यह पर्व समाज को सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि मैनपुरी की धरती महाराजा तेज सिंह जूदेव जैसे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की वीरता और राष्ट्रभक्ति की साक्षी रही है। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनका जीवन त्याग, साहस और देशप्रेम की प्रेरणा देता है। आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और योगदान से परिचित कराना आवश्यक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित