दरभंगा , अक्टूबर 01 -- दरभंगा राज के अंतिम महाराज सर कामेश्वर सिंह की पुण्यतिथि पर विश्वविद्यालय परिसर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गुरुवार को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मेहता ने इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिवार महाराज कामेश्वर सिंह के प्रति कृतज्ञ है, क्योंकि उनसे दान में मिले विशाल परिसर में विश्वविद्यालय मुख्यालय के साथ मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के विभिन्न विषयों की पढ़ाई होती है। उन्होंने कहा कि सर कामेश्वर सिंह शिक्षा, संस्कृति, राजनीति, खेल, समाजसेवा एवं सामाजिक संस्थाओं के संरक्षण के पुरोधा थे।
भू-संपदा पदाधिकारी डॉ. कामेश्वर पासवान ने कहा कि दरभंगा राज के अंतिम महाराज सर कामेश्वर सिंह का मिथिला के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान है। पिता के निधन के बाद उन्होंने 1929 में दरभंगा राज की बागडोर संभाली। वे युवावस्था से ही सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे और संविधान सभा के सदस्य भी बने। उनका निधन एक अक्टूबर 1962 को हुआ था।
इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. ध्रुव कुमार, मैथिली विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार मेहता, संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकान्त झा, महाविद्यालय निरीक्षक प्रो. अरुण कुमार सिंह, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. आर.एन. चौरसिया, सीसीडीसी डॉ. गजेन्द्र प्रसाद, उप परीक्षा नियंत्रक (शोध) डॉ. सुरेश पासवान, आईटी प्रभारी डॉ. अंकित कुमार सिंह सहित विश्वविद्यालय के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित