मुरैना , जुलाई 16 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्श आज भी समाज को एकता, सहयोग और सेवा का संदेश देते हैं। उनका जीवन सामाजिक समरसता, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा प्रदान करता है। श्री तोमर आज कैलारस मुख्यालय के शास्त्री मार्ग चौराहे स्थित अग्रसेन चौक पर नगर परिषद कैलारस द्वारा आयोजित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने आदर्श शासन व्यवस्था और जनकल्याणकारी विचारों के माध्यम से समाज के लिए अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके राज्य में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को एक ईंट और एक रुपया देकर सहयोग प्रदान किया जाता था, जो सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता का अद्वितीय मॉडल था।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि व्यक्ति अपने कर्म, विवेक और सेवा भाव से महान बनता है। समाज को महाराजा अग्रसेन के सहयोग, समर्पण और जनसेवा के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उन्हें आगे बढ़ाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में अनेक स्थानों पर महाराजा अग्रसेन की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं और उन्हें उनके लोकार्पण कार्यक्रमों में शामिल होने का अवसर मिला है। उन्होंने समाजजनों से प्रतिमा के संरक्षण और नियमित पूजा-अर्चना का आग्रह करते हुए कहा कि यह केवल प्रतिमा नहीं, बल्कि समाज के प्रेरणा पुरुष का स्मारक है।

इस अवसर पर श्री तोमर ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया। समारोह में सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, नगर परिषद कैलारस की अध्यक्ष अंजना बृजेश बंसल, पूर्व विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, डॉ. योगेश पाल गुप्ता, नगर परिषद जौरा के अध्यक्ष अखिल माहेश्वरी, उपाध्यक्ष सीमा अशोक राजावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित