बरवाला , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन समानता, सहयोग, सेवा और परोपकार की प्रेरणा देता है।
उनके 'एक रुपया और एक ईंट' के सिद्धांत ने समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग का संदेश दिया। महाराजा अग्रसेनकी जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को हिसार के बरवाला में आयोजित भव्य समारोह में उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और महाराजा अग्रसेन सामुदायिक केंद्र का शिलान्यास किया।
महाराजा अग्रसेन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि सामुदायिक केंद्र सामाजिक और सामूहिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ समाज के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्थान बनेगा। महाराजा अग्रसेन की शिक्षाएं आज भी समाजहित में कार्य करने की प्रेरणा देती हैं।
श्री गंगवा ने कहा कि महाराजा अग्रसेन की ऐतिहासिक राजधानी अग्रोहा सभी के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है। हरियाणा सरकार अग्रोहा धाम के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। महाराजा अग्रसेन के गौरवशाली इतिहास और प्राचीन संस्कृति को दुनिया के सामने लाने के लिए अग्रोहा थेह में पुरातात्विक खुदाई शुरू करवाई गई है। इसके साथ ही सिंधु-सरस्वती सभ्यता से जुड़े प्राचीन टीलों की जियो-टैगिंग भी की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अग्रोहा के समीप जल्द ही एक आधुनिक संग्रहालय बनाया जाएगा। सरकार अग्रोहा को अंतरराष्ट्रीय स्तर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र और ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है।
मंत्री ने कहा कि महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा क्षेत्र को देश और दुनिया से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहां से अयोध्या, जयपुर, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों के लिए हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। हवाई अड्डे परिसर में जल्द ही महाराजा अग्रसेन की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी, जो यात्रियों को उनके आदर्शों की याद दिलाएगी।
इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमैन रमेश सरदाना, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन रणधीर धीरू, पूर्व आईपीएस डॉ. दलबीर भारती, नगर परिषद उपाध्यक्ष ताराचंद नलवा और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित