महराजगंज , अप्रैल 10 -- भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महाराजगंज जिले में थाना पुरन्दरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में राजेन्द्र धरिकार उर्फ इलू और आदित्य कुमार मिश्र शामिल हैं। दोनों को रानीपुर चौराहे से उस समय पकड़ा गया, जब वे कार से नशे में प्रयुक्त होने वाले इंजेक्शन नेपाल ले जाने की फिराक में थे। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 5700 एम्पुल इंजेक्शन (डायजेपाम, बुप्रेनॉर्फिन व प्रोमेथाजीन), दो मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड, 9000 रुपये नकद तथा एक कार बरामद की गई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे पिछले छह महीनों से इस अवैध कारोबार में लिप्त थे और इन इंजेक्शनों को नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचते थे।
पुलिस ने बताया कि बरामद दवाएं सामान्यतः चिकित्सा उपयोग के लिए होती हैं, लेकिन इन्हें अवैध रूप से "कॉकटेल ड्रग" बनाकर नशे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है, जो युवाओं में तेजी से प्रचलित हो रहा है और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करता है।
इस संबंध में थाना पुरन्दरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच की जा रही है और जल्द ही तस्करी के बड़े गिरोह का खुलासा किया जाएगा। इस सफल कार्रवाई पर टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित