नोएडा , जून 14 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा फेस वन थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को फर्रुखाबाद से दिल्ली जा रही एक यात्री बस महामाया फ्लाईओवर से आगे अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई जिसमें कई लोग घायल हो गये।

पुलिस ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलते ही नोएडा फेस वन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। दुर्घटना में घायल हुए व्यक्तियों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद कुछ समय के लिए क्षेत्र में यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया और वाहनों की आवाजाही सामान्य कराई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हादसे में घायल यात्रियों की संख्या और उनकी स्थिति के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित