पटना , मई 24 -- बिहार के ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार की अध्यक्षता में नालंदा स्थित महाबोधि महाविद्यालय के शासी निकाय की बैठक हुई। मंत्री श्री कुमार इस महाविद्यालय की शासी निकाय के अध्यक्ष भी हैं।महाविद्यालय कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।
इसमें पूर्व की बैठक में लिए गए निर्णय की संपुष्टि की गई। इसके अलावा इन्टर की परीक्षा 2018 में उतीर्णता के आधार पर बिहार सरकार से 26 लाख 32 हजार 600 रु अनुदान राशि प्राप्त हुई है। सरकार के निर्देशानुसार 2016-18 में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षेतर कर्मियों के बीच इस राशि को वितरित कर दिया गया है। इसके विपत्र की समीक्षा कर इसे संपुष्ट किया गया। इस दौरान महाविद्यालय में बन रहे प्लस टू भवन के निर्माण पर हो रहे व्यय की समीक्षा भी की गई। सर्व सहमति से प्रभारी प्राचार्य के स्तर से प्रस्तुत व्यय की समीक्षा की गई और इस पर सहमति दी गई। यह निर्देश दिया गया कि नए शैक्षणिक सत्र से पहले भवन का निर्माण कर लिया गए। इस बैठक में शिक्षक एवं शिक्षेतर कर्मियों की सेवा संपुष्ट की गई। शैक्षणिक गुणवत्ता के लिए सुझाव एवं उचित निर्देश दिए गए। इसके अलावा शिक्षक एवं प्राचार्य की स्थाई नियुक्ति के लिए चयन समिति के गठन करने पर विचार विमर्श किया गया।
इस बैठक में महाविद्यालय के सचिव राजेन्द्र प्रसाद, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के सदस्य के रूप में बिहारशरीफ के सोहसराय स्थित किसान कॉलेज के अंग्रेजी विभाग के सत्येंद्र प्रसाद सिन्हा, दानदाता सदस्य अनीश भारती महाविद्यालय शिक्षक प्रतिनिधि डॉ सुधीर कुमार तथा महाबोधि कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. अरविंद कुमार मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित