सोनीपत , जुलाई 27 -- हरियाणा के सोनीपत शहर को स्वच्छ स्वस्थ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने सोमवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। महापौर राजीव जैन, नगर आयुक्त हर्षित कुमार और संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़ ने स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान में भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पुलिस लाइंस से गोहाना रोड बाईपास तक सड़क किनारे सफाई की गई। नालियों की सफाई और निरीक्षण कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया गया। विवेकानंद चौक स्थित हुडा ग्राउंड में लंबे समय से जमा कूड़े को हटाया गया, जबकि सड़क किनारे जूस विक्रेताओं को अपने स्टॉल के आसपास सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त हर्षित कुमार ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्थायी स्वच्छता के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है।
महापौर जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से मानसून के दौरान कूड़ा जमा होने और नालियों के अवरुद्ध होने की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उनके अनुसार स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सोनीपत का लक्ष्य जनसहभागिता से ही हासिल किया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित