पटना , अगस्त 05 -- टना नगर निगम की महापौर श्रीमती सीता साहू की अध्यक्षता में बुधवार को सशक्त स्थायी समिति की छठी विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर श्रीमती रेशमी कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सभी सदस्यगण, नगर आयुक्त यशपाल मीणा एवं वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में वर्तमान में चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल तथा उनके द्वारा उठाई गई तीन प्रमुख मांगों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। सभी पहलुओं पर गंभीर चर्चा के उपरांत समिति ने सर्वसम्मति से महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों की अधिकांश मांगें राज्य सरकार के स्तर पर नीति निर्धारण एवं विभागीय स्वीकृति से संबंधित हैं। ऐसे में पटना नगर निगम अपने अधिकार क्षेत्र के अनुरूप आवश्यक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजते हुए उनके शीघ्र समाधान का आग्रह करेगा।
पटना नगर निगम में दैनिक एवं संविदा के आधार पर कार्यरत कर्मचारियों के वेतनमान में समायोजन संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा जाएगा। साथ ही सरकार से यह भी अनुरोध किया जाएगा कि यदि वह उपयुक्त समझे तो नगर निगम को इन कर्मियों के नियमितीकरण अथवा समायोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराए, जिससे निगम अपने स्तर पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर सके।
बैठक में निर्णय लिया गया कि आउटसोर्सिंग एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत सफाई कर्मियों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किया जाएगा। एजेंसियों को केवल अनुबंध के अनुसार निर्धारित सेवा शुल्क (कमिशन) का भुगतान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त यदि किसी अवधि में वाहन तकनीकी खराबी के कारण संचालित नहीं हो पाता है तो उस अवधि के लिए चालक के वेतन में किसी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित