लखनऊ , जून 19 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि अयोध्या महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी। यहीं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजनीति का आरंभ हुआ था और यहीं पर अंत भी होगा।
श्री यादव ने राम मंदिर में चढ़ावे में कथित धांधली का जिक्र करते हुये कहा कि इसे लेकर श्रद्धालुओं में एक अज्ञात भय व्याप्त हो गया है। चढ़ावा चोरी की जांच कहां तक पहुंची, इसकी डेली ब्रीफिंग होनी चाहिए क्योंकि भाजपा सरकार में हो रहे 'चतुर्दिक महा-भ्रष्टाचार' के कारण जनता का अब एसआईटी पर रत्ती भर भी विश्वास नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि मथुरा से भी आई धांधली की खबर बेहद गंभीर है। उसकी भी उच्च स्तरीय विश्वसनीय जांच होनी चाहिए।
गौरतलब है कि इससे पहले अयोध्या के दौरे पर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुये कहा था, "हमने 500 वर्षों तक प्रभु राम के स्थान के लिए मर्यादित रूप से इंतजार किया है। 15 दिन और रुक जाओ, इंतजार कर लो। चिंता मत करो लेकिन हम अयोध्या को बदनाम करने वाले, राम जन्मभूमि का अपमान करने वालों के बहकावे में कभी नहीं आएंगे। हम नहीं चाहेंगे कि अयोध्या का नाम खराब हो।"योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुये कहा कि ये लोग भगवान राम की पावन अयोध्या को कैसे बर्दाश्त करेंगे, जिन्होंने अयोध्या में राम जन्मभूमि दर्शन नहीं किया और अपने विधायकों को भी रोका। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने कहा था कि कोई दर्शन करने नहीं जाएगा, क्योंकि इनकी भक्ति राम में नहीं थी। ये बाबर की पूजा करने वाले लोग हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित