पटना , फरवरी 01 -- कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में रविवार को बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम लिमिटेड तथा बिहार संग्रहालय, पटना के संयुक्त सहयोग से महान संगीतकार रवि की जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम "एक शाम सुर-सम्राट रवि के नाम" के ततह विशेष म्यूज़िकल क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

इस रोचक प्रतियोगिता में महान संगीतकार रवि के जीवन, उनके संगीत सफर तथा उनके कालजयी गीतों से जुड़े दृश्य और तथ्यों पर आधारित प्रश्न पूछे गए। प्रतियोगिता में चार समूह टीम ए, टीम बी, टीम सी और टीम डी ने भाग लिया तथा पाँच राउंड में उत्साहपूर्ण मुकाबला प्रस्तुत किया।प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम बी विजेता रही। इस अवसर पर वर्तमान रेरा के अध्यक्ष सह सदस्य विवेक कुमार सिंह ने अपने संगीत संबंधी गहन ज्ञान से सभी को चकित कर दिया।

विजेता टीम को पुरस्कार स्वरूप देश के प्रख्यात इतिहासकार एवं लेखक मानेक प्रेमचंद ने महान संगीतकार रवि के जीवन पर आधारित अपनी पुस्तक "सोलफुली योर्स " भेंट की।

कार्यक्रम का संचालन मुंबई से पधारे देश के प्रसिद्ध प्लास्टिक सर्जन एवं गायक डॉ. मुकुंद जगन्नाथन ने किया। उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों के लिए भी प्रश्न पूछे, जिनका सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को मंच से चॉकलेट उपहार स्वरूप प्रदान की गई, जिससे सभागार में उत्साह और सहभागिता का वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर मुंबई से आए प्रोफेसर सह ऑडियो-वीडियो कंसल्टेंट कमल मल्होत्रा, रेरा के अध्यक्ष विवेक कुमार सिंह, सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी, बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के फिल्म सलाहकार अरविंद रंजन दास, विभाग के अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रोता एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम अत्यंत रोचक, ज्ञानवर्धक और मनोरंजक वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने महान संगीतकार रवि की संगीत विरासत को स्मरणीय रूप से प्रस्तुत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित